जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगला के पास सोमवार की शाम मुख्य नहर में नहाते समय डूबे 12 वर्षीय बालक अरशद का शव देर रात घटनास्थल के पास ही खोजबीन के दौरान नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजन उसे घर ले गए। सूचना पर मंगलवार की सुबह पुलिस मृतक के घर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांधी चौक हरिजन बस्ती निवासी अरशद सोमवार को शाम चार बजे साइकिल लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह मुख्य नहर में नहा रहा था, जहां गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया। मौके पर मौजूद एक किशोर ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद भी डूबने लगा, जिसे किसी राहगीर ने किसी तरह बाहर निकाला।
डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर का पानी बंद करवा कर तलाश शुरू कर दी गई। काफी देर तक खोजबीन चलती रही और आखिरकार रात करीब 11 बजे अरशद का शव घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर नहर में टूट कर गिरे पैरापेट से लगा हुआ बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं मंगलवार की सुबह पुलिस मृतक के घर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस घटना से परिजनों सहित मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।










