दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के खजुरी गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की कर्मनाशा नदी में डूबकर मौत हो गई। मृतक अरमान (11) और रहमान (9) अपने दोस्तों के साथ नहाने गए थे, जहां गहरे पानी में चले जाने से दोनों की डूबने से मौत हो गई। वहीं अरबाज (11) समेत दो अन्य किशोर किसी तरह बचकर बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल नदी में तलाश शुरू की और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर इनलैंड अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खजुरी गांव निवासी सेराज के पुत्र अरमान और रहमान अपने दोस्त अरबाज व अन्य दो किशोर के साथ बिहार के कैमूर जनपद के अखिनी गांव स्थित एक मजार पर गए थे। लौटते समय कर्मनाशा नदी पार करते हुए नहाने लगे, इसी दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। अरबाज और एक अन्य किशोर किसी तरह बाहर निकलकर गांव पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में कूदकर बच्चों की तलाश शुरू की। दोनों भाइयों को निकालकर तत्काल अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, नायब तहसीलदार पंकज कुमार व थाना प्रभारी अशोक मिश्रा मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पिता सेराज की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक बच्चों का ननिहाल उसिया गांव में है। घटना की जानकारी पाकर ननिहाल पक्ष से ग्राम प्रधान शम्स तबरेज सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे। दोनों बच्चे गांव के मिडिल स्कूल में कक्षा पांचवीं के छात्र थे। मासूमों की असामयिक मृत्यु से पूरा गांव गमगीन है।










