जमानियां (गाजीपुर)। लोक आस्था व सूर्य उपासना का पर्व चैती छठ, श्रद्धा और भक्ति के साथ गुरुवार की शाम महिलाओं ने मनाया। व्रती महिलाओं ने चैती छठ पर सूर्यास्त पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मंगल कामना की।
नगर के बलुआ गंगा घाट व चक्काबांध घाट पर छठ पूजा में शामिल श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। घाट पर स्थानीय क्षेत्र सहित चंदौली जनपद, दिलदारनगर व अगल बगल के गांवों से महिलाएं छठ पूजा करने पहुंची थीं। मां गंगा उत्तर वाहिनी सेवा समिति के अध्यक्ष कमलचंद बाबा ने बताया कि शुक्रवार की भोर में व्रती महिलाओं को अर्घ्य के लिए निःशुल्क दूध का वितरण किया जाएगा।
छठ पूजा के लिए बलुवा घाट पहुंची दिलदारनगर कस्बा निवासी व्रती महिला कृष्णावती देवी, हरपुर निवासी शैलेश देवी, बड़ेसर निवासी सुनीता देवी, कसेरा निवासी उषा देवी ने बताया कि व्रती महिलाओं के लिए नगर पालिका द्वारा इस बार गंगा घाट पर टेंट व प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। जिससे काफी परेशानी हुई। वहीं छठ पूजा को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से कोई व्यवस्था नहीं किया गया। जिससे नगर में जाम की स्थिति बनी रही। इसे लेकर श्रद्धालुओं ने काफी रोष जताया।
बता दें कि छठ पर्व वर्ष में दो बार आता है, जिसमें एक ग्रीष्म ऋतु में तो दूसरा शरद ऋतु में। चैत्र माह में मनाया जाने वाला चैती छठ का व्रत पूजा काफी कठिन होता है।