जमानियां (गाजीपुर)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर स्थानीय क्षेत्र विभिन्न गंगा घाटों, नहरों व तालाबों पर सोमवार की शाम व्रती महिलाओं के साथ आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा।
चक्काबांध गंगा घाट स्थित पंप कैनाल के पूर्वी छोर पर उपजिलाधिकारी द्वारा छठ पूजा प्रतिबंधित किए जाने के कारण पश्चिमी छोर पर व्रती महिलाओं व उनके परिजनों की काफी भीड़ जुटी रही। वहीं क्षेत्र के बड़ेसर, बलुआ घाट व हरपुर घाट पर भी छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।

डूबते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाएं अपने हाथों में नारियल, फल व प्रसाद से भरे सूप लेकर गंगा नदी के किनारे पानी में घंटों खड़ी रहीं। सूर्यास्त होते ही व्रती महिलाओं के परिजनों ने अर्घ्य देकर सूर्योपासना के पहले दिन का पूजन संपन्न किया। इसके बाद व्रती महिलाएं मंगलवार की सुबह फिर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने की प्रतिक्षा में अपने परिजनों के साथ घर लौट गईं।

सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम ज्योति चौरसिया, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी व राजस्वकर्मी गंगा घाट के चारों तरफ भ्रमण करते रहे। वहीं गंगा नदी में नावों पर सवार गोताखोर लगातार भ्रमणशील रहे। छठ पूजा को लेकर नगर पालिका प्रशासन द्वारा विशेष साफ सफाई कराया गया।










