जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बड़ेसर गांव के मुसहर बस्ती के पास एनएच 24 पर सोमवार की रात नशे में धुत बाइक सवार की जोरदार टक्कर से 40 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जब कि छोटा पुत्र मामूली रूप से घायल तथा बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी पहुंचाया जहां से बाइक सवारों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बड़ेसर गांव निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा पुत्र सिद्धनाथ शर्मा सोमवार की रात करीब नौ बजे रोज की तरह खाना खाकर अपने छोटे पुत्र के रिशु के साथ घर से कुछ दूरी पर बने डेरा पर सोने जा रहे थे। तभी कस्बा की तरफ से आ रहे पल्सर बाइक सवारों की सुरेन्द्र को पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वो हवा में उछल कर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि उनके साथ जा रहा उनका छोटा पुत्र रिशु मामूली रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक बाइक सवार नशे में धुत थे।
इस सड़क दुर्घटना में बघरी गांव निवासी बाइक चालक काशी व पीछे बैठा नूरपुर निवासी प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां बाइक सवारों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मृतक सुरेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक सुरेंद्र फर्नीचर का काम करते थे, इनके दो पुत्र हैं। पति सुरेन्द्र की असामयिक मौत से पत्नी विजय लक्ष्मी देवी सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इस घटना को लेकर मृतक की पत्नी ने दोनों बाइक सवारों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










