जमानियां (गाजीपुर)। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के शहीद नायक चालक अब्दुल कादिर के शहादत दिवस पर शनिवार को स्थानीय क्षेत्र के सट्टी बाजार स्थित उनके आवास पर शहादत दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शहादत दिवस कार्यक्रम में सीआरपीएफ के डीजीपी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह व डीआईजीपी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई जीडी फूलचंद ने शहीद नायक चालक अब्दुल कादिर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर फूल माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात शहीद की पत्नी अफसाना बेगम को अंगवस्त्र आदि देकर उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर सीआरपीएफ एसआई फूलचंद ने कहा कि देश की रक्षा के लिए जवान सदैव तत्पर रहते हैं, ऐसे में जवानों की शहादत को याद रखना गौरव की बात है।
गौरतलब है कि 2 अगस्त 1994 को मणिपुर में सीआरपीएफ के 127 बटालियन के काफिले पर आतंकियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में गोली लगने के बावजूद भी नायक चालक अब्दुल कादिर अपने वाहन को एंबुश जोन से बाहर निकाल कर अपने साथियों के जीवन की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए थे।
इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त एसआई सीआरपीएफ रुस्तम अंसारी, अमन अंसारी, सभासद अंजनी कुमार गुप्ता, सफ़ीकुर्रहमान, अकील अजहर, इमरान हुसैन आदि मौजूद रहे।










