जमीनी विवाद को लेकर मारपीट, एक घायल व छह लोगों पर केस दर्ज

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नरियांव गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पीड़ित वहिद की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित वहिद ने बताया कि वह खेत देखने गया था, तभी पहले से घात लगाए बैठे विपक्षी हसनैन, जाफर, दिलशाद, साहिल, मुन्नी बेगम और सोनी बेगम ने उस पर लाठी, डंडा व फावड़े से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़ा और हमलावरों ने उसकी भाभी अंबिया खातून को भी लात-घूंसों से पीटा। पीड़ित ने बताया कि मौके पर किसी ने वीडियो बनाना शुरू किया, तब जाकर विपक्षी शांत हुए।

वहिद ने आगे कहा कि जब वह शिकायत लेकर कोतवाली आ रहा था, तो रास्ते में आरोपियों ने उसे रोका और धमकी दी कि यदि थाने में शिकायत की तो उसे व उसके पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इसके अलावा, जब उसका भाई सईद कचहरी में अपने वकील से मिलने गया, तो वहां भी विपक्षियों ने उसे गालियां दीं और मारपीट की कोशिश की। पीड़ित का कहना है कि सभी आरोपी दबंग और मनबढ़ किस्म के हैं और उनके द्वारा किसी भी समय कोई अप्रिय घटना को अंजाम दिया जा सकता है।

कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *