जमानियां (गाजीपुर)। मिशन शक्ति 6.0 का आगाज होते ही नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के तहत मंगलवार को स्थानीय क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की दो छात्राओं को एक दिन के लिए एसडीएम जमानियां व यूनियन बैंक की शाखा प्रबंधक बनाया गया। जहां छात्राओं ने प्रशासनिक अनुभव ग्रहण किया।

महिलाओं, बालिकाओं व छात्राओं को समाज में सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति की शुरुआत की गई। जिसके छठवें चरण 6.0 के तहत जिले के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जमानियां की कक्षा 6 की छात्रा निधि और सोनाली को एसडीएम निधि ने एक दिन के लिए एसडीएम की कुर्सी पर बैठाया और उनसे प्रशासनिक क्रिया कलापों के अनुभव को सांझा किया।

वहीं दूसरी तरफ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा जमानियां कस्बा की शाखा प्रबंधक कृति श्रीवास्तव ने एक दिन के लिए कक्षा 8 की छात्रा काजल और कक्षा 7 की छात्रा आकांक्षा को शाखा प्रबंधक बनाया। जहां उन्होंने बैंक के कार्य प्रणाली को बेहतर तरीके से समझा कर दोनों छात्राओं का आत्मबल बढ़ाया।


महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों का अनुभव प्राप्त कर चारो छात्राएं काफी प्रसन्न नजर आईं और आगे पढ़ लिख कर बड़ा अधिकारी बन कर में देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने के सपने संजोए। उक्त मौके पर विद्यालय की अन्य छात्राओं के साथ अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।








