जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के रेलवे फाटक पर चिलचिलाती धूप में बुधवार की दोपहर वाहन चालक उस वक्त परेशान हो उठे, जब रेलवे फाटक का बूम तकनीकी कारणों से खराब हो गया। इस दौरान रेल फाटक पर यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर करीब 1.15 बजे ट्रेन के गुजरने के बाद जब गेटमैन ने रेल फाटक का बूम उठाया तो अप रेल लाइन का बूम तो उठ गया लेकिन डाउन लाइन का बूम लॉक में ही फंसा रहा। जिससे दोनों तरफ के वाहन चालक रेल फाटक पर ही फंसे रहे। इस दौरान आसमान से आग बरस रहे धूप में हर वाहन चालक व उसमें सवार लोग बेबस और परेशान नजर आए।
गेटमैन ने किसी तरह डाउन लाइन के बूम को लॉक से छुड़ाकर ऊपर उठाया। तब जाकर वाहन चालक अपने गंतव्य को निकले। लेकिन इसके बाद भी फाटक के बूम का ऊपर न उठने की समस्या बनी रही। जिसकी सूचना गेटमैन ने स्टेशन के पैनल रुम में दी और स्लाइडर गेट के सहारे ट्रेनों को पास कराया।
सूचना पर पहुंचे रेलकर्मी ने घंटे भर बाद फाटक के बूम को ठीक किया। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। एक समय में तीन चार ट्रेनों के लगातार गुजरने तथा फाटक का बूम खराब होने से चार पहिया वाहन चालकों, जिनमें खासकर दो पहिया, ठेला चालक, स्कूली बच्चे खुले आसमान में तपती गर्मी में विशेष रूप से बेहाल नजर आए। इस दौरान फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
ऐसे समय में राहुल वर्मा, राजकुमार, रजनीकांत उपाध्याय, पंकज निगम, राजेश कुमार, सागर वर्मा, इजहार इद्रिशी, डब्लू सिंह, जुगनू जायसवाल आदि वाहन चालकों ने इस तरह की समस्या से निपटने के लिए रेल प्रशासन से फ्लाई ओवर ब्रिज तथा फाटक के पास दोनों तरफ वाहन चालकों के लिए टीन शेड लगाए जाने की मांग की।

