सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्रि उत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

डांडिया-गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, रावण दहन के जरिए दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

जमानिया (गाजीपुर)। लोदीपुर स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को नवरात्रि उत्सव धूमधाम से मनाया गया। भक्ति, संगीत, नृत्य और भारतीय संस्कृति से सजे इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक सत्यप्रकाश मौर्या की बड़ी बहनों एवं मुख्य अतिथियों इंदु मैम, विद्या मैम, नीरज मैम और लालमुनि मैम ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने नवरात्रि की महत्ता और भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

उत्सव के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों के सामूहिक नृत्य और डांडिया-गरबा की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने अपनी कला और उत्साह के माध्यम से भारतीय परंपराओं की सुंदर झलक पेश की। कार्यक्रम में प्रस्तुत नवरात्रि पर आधारित नाटक ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, रावण दहन के आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।

विद्यालय की चेयरमैन सबिता मौर्या ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। उनकी उपस्थिति में कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रबंध निदेशक सत्यप्रकाश मौर्या और प्रधानाचार्य एल.डी. जेना ने उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ ही उनकी प्रतिभा को निखारने और उनमें सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के समन्वयक नफीस अंसारी, काउंसलर शबीना खान, कार्यक्रम प्रभारी मोहित पांडे, शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक अजय शर्मा, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सदन प्रमुख अजित प्रताप, भगत सिंह सदन प्रमुख बी.एन. सिंह यादव, सरदार पटेल सदन प्रमुख मुकेश राय और सरोजिनी नायडू सदन प्रमुख नवीन शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नवरात्रि उत्सव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक साथ जोड़ते हुए आस्था, संस्कृति और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *