पीनाक धनुष तोड़ सिया के हुए प्रभु श्री राम

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला में बुधवार की रात धनुष यज्ञ व सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। इस अद्भुत प्रसंग को देखने के लिए भारी संख्या में नगरवासी मैदान में जुटे और पूरे समय भक्तिरस में डूबे रहे।

रामलीला कार्यक्रम के तीसरे दिन बुधवार की रात मंचन के दौरान जनकपुर की सभा का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। प्रसंग में दिखाया गया कि कैसे दूर-दूर से आए राजकुमार शिवधनुष पिनाक को उठाने में असफल रहे। अंततः भगवान श्रीराम ने गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से सहज भाव से धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते ही वह भंग हो गया। यह दृश्य देखते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

इसके बाद सीता स्वयंवर का दृश्य प्रस्तुत हुआ, जिसमें माता सीता ने प्रभु श्रीराम के गले में वरमाला डालकर उन्हें अपना पति स्वीकार किया। इस भावनात्मक और हर्षोल्लास से भरे दृश्य को देखकर दर्शकों ने जय श्री राम के जयकारे लगाएं। जिससे माहौल भक्तिमय हो उठा। सीता स्वयंवर के इस अद्भुत मंचन ने न केवल दर्शकों का मन मोह लिया बल्कि श्रद्धालुओं को धर्म और मर्यादा के पथ पर चलने का संदेश भी दिया।

रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का मंचन कर धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत किया जा रहा है। इस दौरान मैदान में व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के लोग लगातार सक्रिय दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *