जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर अधिवक्ताओं की सुरक्षा, टोल प्लाजा कर्मचारियों की मनमानी और भूमि विवाद सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम ज्योति चौरसिया को सौंपा।
एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में हैदरगढ़ (बाराबंकी) स्थित बारा टोल प्लाजा के कर्मचारियों द्वारा बीते दिन अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला के साथ की गई मारपीट व अभद्रता की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, संबंधित कर्मचारियों के निलंबन, अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा एनएसए के तहत कार्रवाई की मांग की। साथ ही बारा टोल प्लाजा की ठेकेदारी व्यवस्था एवं लाइसेंस समाप्त करने की भी मांग उठाई।
बार एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के समस्त अधिवक्ताओं के लिए टोल टैक्स मुक्त करने और प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग रखी। इसके अलावा ज्ञापन में बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता घनश्याम सिंह कुशवाहा की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मुद्दा उठाते हुए पुलिस बल उपलब्ध कराकर कब्जा हटवाने एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने राज्यपाल से दिए गए मांग पत्र को पूरा करने की मांग की।

