जमानियां (गाजीपुर)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को स्थानीय क्षेत्र के गंगा तट स्थित विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि के अवसर पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे बने घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा।

क्षेत्र के प्रमुख चक्काबांध, बड़ेसर, हरपुर और बलुआ घाट सहित अन्य क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने बांस के सूप और दउरी में फल, ठेकुआ, नारियल, ईख सहित पूजन सामग्री सजाकर घंटो नदी में खड़ी होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
कई व्रती महिलाएं अपनी मन्नत पूरी होने पर परिवार के सदस्यों के साथ विशेष रूप से घाटों पर पहुंचीं। घाटों तक जाने वाले रास्तों पर छठ पूजा के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ और दीपों की रोशनी से गंगा तट का दृश्य बेहद मनोरम नजर आया।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने चक्काबाँध गंगा घाट पर पहुँच कर घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। गंगा में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की व्यवस्था की गई थी। वहीं भारी पुलिस बल की तैनाती कर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
इसके साथ ही छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय तहसील और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसडीएम निधि, तहसीलदार जितेंद्र कुमार, राजस्व टीम, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह और चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ विभिन्न घाटों का लगातार निरीक्षण करते रहे। वहीं गंगा घाट पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर व दवा वितरण के कैंप भी लगाए गए थे।
गंगा किनारे गहरे पानी वाले स्थानों पर पूजा प्रतिबंधित की गई, ताकि व्रती महिलाओं और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और कोई अप्रिय घटना घटित न हो। गंगा में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की व्यवस्था की गई थी। वहीं भारी पुलिस बल की तैनाती कर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
मान्यता के अनुसार छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करने से परिवार में सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली आती है। पूजा के कठिन नियमों, उपवास और पवित्रता के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व व्रतियों की अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद अब सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।





