गाजीपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जंगीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार को चेकिंग के दौरान 34 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 17 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर अपराधियों तथा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष जंगीपुर ओमप्रकाश और उपनिरीक्षक पन्ने लाल यादव पुलिस टीम के साथ अरसदपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 34 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और मौके से एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी अपने कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रमेश कुमार पुत्र हरिलाल साहनी निवासी ग्राम मुगलपुरा उर्फ मुहम्मदाबाद, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर तथा राहुल राठौर पुत्र जुगनू राठौर निवासी अमरूद मंडी राजघाट, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। इस मामले में थाना जंगीपुर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त राहुल राठौर के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर में वर्ष 2024 में धारा 272 भादवि तथा वर्ष 2022 में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

