पांच दिवसीय मानव धर्म सम्मेलन एवं रामलीला मंचन का हुआ भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया कथा का आनंद

जमानियां (गाजीपुर)। मानव धर्म प्रसार समाज सेवा संस्था की शाखा रघुनाथपुर, जमानियां के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय के पास पांच दिवसीय वार्षिक सम्मेलन एवं धार्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के आयोजक विजय बहादुर यादव के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वृंदावन से पधारीं कथा वाचिका रोशनी जी एवं बक्सर, बिहार से पधारे कथावाचक हिमांशु जी महाराज ने लगातार पांच दिनों तक कथा का वाचन कर श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, प्रेम, सदाचार और मानवता का संदेश दिया। वहीं प्रतिदिन रात्रि में रामलीला मंचन का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं उनके जीवन प्रसंगों का सुंदर मंचन किया गया।

पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान हवन-पूजन, भजन-कीर्तन, कथा प्रवचन एवं धार्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। समापन अवसर पर भजन, प्रवचन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष नृपेंद्र उपाध्याय, अनिल गुप्ता, भाजपा जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा, विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। मानव धर्म का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा, सत्य, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलना है।

अंत में आयोजक विजय बहादुर यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *