जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र के बीएसएनएल टॉवर के पास एनएच 24 पर शनिवार की दोपहर उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब, एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने सड़क पार कर रही एक किशोरी को जोरदार टक्कर मार दिया। इस सड़क दुर्घटना में किशोरी सहित दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें पीएचसी पहुंचाया गया, जहां किशोरी और बाइक चालक की हालत गंभीर होने पर इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी सेना के जवान विपिन यादव की पत्नी संगीता यादव शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे अपनी 14 वर्षीय पुत्री अंशिका व करीब 7 वर्षीय पुत्र अभि यादव के साथ बीएसएनएल टॉवर के पास सड़क पार कर रहीं थी। तभी स्टेशन बाजार की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने अंशिका को जोरदार टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क पर गिर गया।

इस घटना में किशोरी अंशिका बेहोश हो गई, वहीं उसका भाई अभि और मां संगीता बाल बाल बच गई। वहीं दूसरी तरफ मच्छरमारा गांव निवासी बाइक चालक रोहित कुमार बिंद (20 वर्ष) पुत्र हीरा बिंद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा रोहित का भांजा महेंद्र बिंद (18 वर्ष) पुत्र स्व. अशोक बिंद मामूली रूप से घायल हो गया। एनएच 24 पर हुए इस सड़क दुर्घटना के बाद राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
लोगों ने तुरन्त एंबुलेंस से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बाइक चालक के बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली चली गई और मामले की जांच में जुट गई।
पीएचसी प्रभारी डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि अंशिका यादव का दाहिना हाथ फ्रैक्चर होने तथा बाइक चालक रोहित को गंभीर चोट लगने के कारण दोनों का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, वहीं मामूली रूप से घायल महेंद्र का उपचार कर घर भेज दिया गया।

