विभूति एक्सप्रेस के इंजन का टूटा पेंटोग्राफ, रेल परिचालन घंटों हुआ बाधित

जमानियां (गाजीपुर)। डीडीयू-दानापुर रेल खंड के बहोरा स्टेशन के पास डाउन लाइन पर शुक्रवार की शाम रामबाग से हावड़ा को जाने वाली ट्रेन नं 13048 विभूति एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन का पेंटोग्राफ अचानक टूट गया जिससे ट्रेन का इंजन बंद होकर खड़ी हो गई। वहीं ओएचई वायर के टूटने की भी बात सामने आई, जिससे घंटों रेल परिचालन बाधित रहा।

जानकारी के मुताबिक विभूति एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चल रही थी। तभी बहोरा स्टेशन के पास डाउन रेल लाइन के किलोमीटर संख्या 717/24 के पास शाम 7 बजकर 22 मिनट पर इंजन में विद्युत प्रवाह के लिए लगा पेंटोग्राफ अचानक टूट गया। जिससे ट्रेन का इंजन बंद हो और ट्रेन वहीं खड़ी हो गई।

कुछ समय बीतने के बाद जब ट्रेन आगे नहीं बढ़ी तो ट्रेन में बैठे यात्रियों परेशान हो उठे। ट्रेन के चालक ने तुरंत घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। विभूति एक्सप्रेस के इंजन में विद्युत प्रवाह बंद होने से डाउन रेल लाइन में ट्रेनों का परिचालन घंटों बाधित रहा।

इस दौरान धीना स्टेशन पर ट्रेन नं 63226 मेमू पैसेंजर, सकलडीहा में ट्रेन नं 13258 आनंद विहार- दानापुर जन साधारण एक्सप्रेस, ट्रेन नं 13006 पंजाब मेल डीडीयू स्टेशन पर घंटों खड़ी रही। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंचे इलेक्टिकल विभाग के टॉवर वैगन की टीम पेंटोग्राफ को बनाने में जुट गई और रात करीब 9:30 बजे तक पेंटोग्राफ को बना दिया गया।

लेकिन पेंटोग्राफ के साथ ही करीब डेढ़ किलोमीटर तक ओएचई वायर भी टूटा हुआ पाया गया। जिसे युद्ध स्तर पर बनाया गया। इस दौरान विभूति एक्सप्रेस 3 घंटे 22 मिनट तक खड़ी रही। पेंटोग्राफ और ओएचई वायर बन जाने के बाद रात करीब 10:44 बजे विभूति एक्सप्रेस खुली और 10 बज कर 50 मिनट पर जमानियां स्टेशन पहुंची। इसके बाद वह अपने अगले गंतव्य की ओर रवाना हुई।

विभूति एक्सप्रेस के खुलने के बाद ओएचई वायर मेंटीनेंस कार्य किए जाने के लिए डाउन लाइन पर रात 12 बज कर 20 मिनट तक का ब्लॉक लिया गया। इस दौरान पीछे के विभिन्न स्टेशनों पर अन्य ट्रेनें घंटों खड़ी रही। पेंटोग्राफ और ओएचई वायर टूटने के कारण रेल परिचालन घंटों बाधित रहा। जिससे रेल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दिलदारनगर यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि विभूति एक्सप्रेस के इंजन का पेंटोग्राफ टूटने से करीब सवा तीन घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। जिससे रेल यातायात प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *