रामलीला : सीता स्वयंवर देख श्रद्धालु हुए भाव विभोर, लगाए सीताराम के जयकारे

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित रामलीला मैदान में गुरुवार की रात लक्ष्मण-परशुराम संवाद, सीता स्वयंवर तथा श्रीराम-सीता विवाह का भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मैदान में पहुंचे। देर रात तक पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।

मंचन के दौरान सीता स्वयंवर का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़े जाने के बाद परशुराम के क्रोधित होकर स्वयंवर स्थल पर पहुंचने का दृश्य मंचित किया गया। परशुराम के क्रोध और लक्ष्मण के तीखे प्रत्युत्तर के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। दोनों के बीच संवाद के दौरान दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की। इसके बाद भगवान श्रीराम के शांत स्वभाव और दिव्य स्वरूप का बोध होने पर परशुराम का क्रोध शांत हुआ और उन्होंने श्रीराम को आशीर्वाद दिया।

इसके बाद श्रीराम और सीता के विवाह का मनोहारी मंचन किया गया। विवाह की रस्मों के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। रामलीला आयोजन को लेकर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *