लोहे की रॉड से हमला में महिला व 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल, मुकदमा दर्ज

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के बरूईन गांव में गुरुवार को दरवाजे पर गाली-गलौज के बाद लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला समेत 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरूईन गांव निवासी शमशेर पासवान पुत्र स्वर्गीय भागवत पासवान के दरवाजे पर धर्मेंद्र पासवान पुत्र जीतन पासवान पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर धर्मेंद्र पासवान ने लोहे की रॉड से शमशेर पासवान की पत्नी आशा देवी पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।

इसी दौरान पास में बैठी 11 वर्षीय पलक गुप्ता पुत्री गोपाल गुप्ता, को आरोपी ने शमशेर पासवान की पुत्री समझकर उसके सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया। हमले में आशा देवी और पलक गुप्ता दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।

चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *