जमानियां ( गाज़ीपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 91 यूपी बटालियन एनसीसी के कर्नल सुखबीर सिंह पुनिया के निर्देशन में स्थानीय हिंदू इंटर कॉलेज एवं हिंदू डिग्री कॉलेज में संयुक्त रूप से स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रैली भी निकाली।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। एनसीसी के सेकंड ऑफिसर राम जी प्रसाद ने सर्वप्रथम महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इसके उपरांत एनसीसी बटालियन के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता एवं स्वच्छ भारत’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सेकंड ऑफिसर राम जी प्रसाद ने कहा कि स्वच्छ भारत के निर्माण में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। कैडेट्स को स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित करना चाहिए।
गोष्ठी के बाद एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कैडेट्स ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ जैसे संदेश दिए।
कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स को स्वच्छता के प्रति सजग रहने, समाज में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली में सीपीएल रिया यादव के साथ कैडेट्स पायल, गोल्डी, आंचल, नीरज, आनंद, आयुष पांडेय, विकास, अर्जुन कुमार, गीतांजलि, छोटी, सानिया, रंजना, ओम प्रकाश एवं गौहर अली सहित अन्य एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता की।








