एसीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, एक्सपायरी दवाएं मिलने पर लगाई फटकार

जमानिया (गाज़ीपुर)। एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार ने स्थानीय क्षेत्र के कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और बरुईन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई खामियां सामने आईं। कई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जबकि स्वास्थ्य केंद्र और पैथोलॉजी लैब में एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। व्यवस्थाओं में लापरवाही पर एसीएमओ ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स अभिषेक, वार्ड आया सरिता और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अभिषेक तिवारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। एसीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की भी जांच की। स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने पर एसीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने फार्मासिस्ट को सभी दवाओं की तत्काल जांच करने, एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने और दवाओं का सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुसार भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित समय पर खुलने और बंद होने चाहिए, जिससे मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सरकार की राष्ट्रीय और जनस्वास्थ्य योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को सख्त चेतावनी दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही, ड्यूटी से गैरहाजिरी और मरीजों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. रूद्रकांत सिंह ने बताया कि निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को नोटिस भेजा जाएगा। इसके अलावा एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने के मामले में फार्मासिस्ट से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *