पीएम पोषण योजना की रसोइया बहनों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित

जमानिया(गाज़ीपुर)। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर रविवार को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइया बहनों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइया बहनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जमानिया के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने रसोइया बहनों को सम्मानित किया तथा उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। कार्ड प्राप्त करने के बाद रसोइया बहनों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण कार्यक्रम को भी उपस्थित लोगों ने सुना। मुख्यमंत्री द्वारा रसोइया बहनों के हित में चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से रसोइया बहनों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सामाजिक सुरक्षा से जुड़े लाभ उपलब्ध कराने की पहल की गई।

वक्ताओं ने कहा कि पीएम पोषण योजना में रसोइया बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में उनका योगदान सराहनीय है। सरकार की ओर से उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयास उनके हित में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम के समापन पर रसोइया बहनों ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम, संतोष पांडेय, अनिल गुप्ता, मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *