जमानियां (गाज़ीपुर ) 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जमानियां तहसील परिसर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। एसडीएम निधि ने तहसील परिसर में राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद तहसील कर्मियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा तहसील परिसर गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर तहसील परिसर की विशेष साफ-सफाई कराई गई थी। वहीं परिसर को झालर-बत्तियों से सजाया गया था। सुबह ध्वजारोहण के समय तहसीलदार रामनारायण वर्मा, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार व जितेंद्र कुमार सहित तहसील के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद तहसील सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कर्मचारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम निधि ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति प्रेम और समर्पण प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य है, जिसका पालन सभी को दृढ़ संकल्प के साथ करना चाहिए।
इस अवसर पर दीनदयाल शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, अरुण सिंह, विजय कुमार, सचिन सहित तहसील के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।









