






जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील परिसर में विधायक निधि से लगाया गया 100 फुट ऊंचा तिरंगा झंडा इन दिनों आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 100 फुट की ऊंचाई पर लहरा रहा तिरंगा बरबस ही लोगों को आकर्षित कर रहा है। चाहे वह तहसील में आने जाने वाले लोग हों या एनएच 24 से होकर गुजर रहे राहगीर हों, बस सभी की नजर आसमान में शान से लहरा रहा तिरंगा झंडा पर टिक जा रही है।
देखने में खूबसूरत लग रहा झंडा सभी को अपने देश के प्रति गर्व की अनुभूति करा रहा है। बार एसोसिएशन के सचिव अधिवक्ता मुनेश सिंह कुशवाहा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने कहा कि पहले एक समय था जब बड़े आकार के तिरंगा झंडा स्कूल, कालेजों व प्रशासनिक भवनों पर केवल गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस पर देखने को मिलता था। लेकिन भारत सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान चलाए जाने के बाद लोग अब अपने मनचाहे आकार में अपने घरों, भवनों पर शान से तिरंगा फहरा रहे हैं और इसी कारण अब शासन द्वारा हर तहसील में 100 फुट ऊंचा तिरंगा झंडा लगाये जाने का कार्य किया जा रहा है।
वहीं नगर के संतोष चौरसिया, उद्धव पांडेय, राजू यादव, पंकज निगम, आनंद गुप्ता, मोहित, जयदीप, संजीत आदि ने तहसील परिसर में लगाए गए 100 फुट ऊँचे तिरंगे की हृदय से सराहना की और कहा कि यह झंडा न सिर्फ एक राष्ट्र ध्वज के रूप में गौरवान्वित कर रहा है बल्कि यह स्थानीय तहसील को सुशोभित और इसकी गरिमा को बढ़ा रहा है।
विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने बताया कि तहसील परिसर में लगाए गए तिरंगे झंडे की सुंदरता बनाए रखने के लिए झंडे के ऊपर प्रकाश की व्यवस्था कराना है जिससे कि रात के पहर में भी तिरंगा देखने में खूबसूरत लगे। इसके साथ ही झंडे के पोल के नीचे फाउंडेशन का कार्य कराना है जिससे यह देखने में आकर्षक लगे।



