जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के रामपुर उर्फ सलेमपुर दरौली तिराहा के पास से चार पशु तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
उपनिरीक्षक राजकुमार यादव ने बताया कि बीते गुरुवार की शाम करीब पौने 6 बजे गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हेतिमपुर पुलिया के रास्ते कुछ व्यक्तियों द्वारा गोवंशों को एक पिकअप में लादकर वध हेतु झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ रामपुर उर्फ सलेमपुर दरौली तिराहा के पास दबिश देकर पिकअप वाहन को रोक लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम क्रमशः मुबारक अंसारी पुत्र रफीक अंसारी निवासी पुरना मझगांवा थाना चैनपुर जनपद पलामू झारखंड, दिलीप प्रसाद व संतोष प्रसाद पुत्र सुदामा प्रसाद महतो निवासी कोशियारा थाना चैनपुर जनपद पलामू झारखंड तथा धर्मदेव शर्मा पुत्र स्व. रामबृक्ष शर्मा निवासी लिथकी थाना चैनपुर जिला पलामू झारखंड बताया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से दो गाय व एक बछड़ा बरामद हुआ।
कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

