जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय युवक ने रिश्ते में दादा लगने वाले 65 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से पीछे से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिनकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हेतिमपुर गांव निवासी 25 वर्षीय शिवा बिंद के सगे दादा स्व. सुदर्शन बिंद के भाई राजमिस्त्री अवधेश बिंद बुधवार की सुबह गांव में ही अपने पट्टीदार विद्याशंकर के यहां छत पर ईंट जोड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी बीच शिवा वहां पहुंचा और उनसे कुछ बातचीत करने लगा। फिर अचानक किसी धारदार हथियार से काम कर रहे दादा अवधेश के सिर के पीछे वार कर दिया। जिससे वह नीचे गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद शिवा मौके से फरार हो गया।
चीख पुकार सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो अवधेश को लहूलुहान हालत में देखकर सन्न हो गए और तुंरत उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने इलाज कर हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज गाजीपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अवधेश बिंद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ कर हत्यारोपी शिवा की तलाश में जुट गई।
शिवा के पिता कुद्दन बिंद ने बताया कि वह भी मृतक के साथ ही ईंट जोड़ रहे थे और घटना से 5 मिनट पहले ही वह कुछ काम से वापस घर चले गए थे, इसी दौरान उसके पुत्र शिवा ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि शिवा ने अपने दादा अवधेश पर हमला क्यों किया यह किसी के समझ में नहीं आ रहा है, जबकि उनसे कोई रंजिश या अदावत भी नहीं था।
कुद्दन बिंद ने बताया कि उनके पुत्र शिवा की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण 15 दिन पहले ही उसे लेकर बंगलौर से वापस हेतिमपुर गांव लौटे थे। शिवा की हरकतों से वह खुद भी परेशान थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मृतक की पत्नी तेतरी देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी शिवा की तलाश की जा रही है।










