जमानियां (गाजीपुर)। नगसर थाना क्षेत्र के गोहदा में अपने दोस्त के साथ बाइक से हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर खुर्द गांव निवासी संदीप कुशवाहा (16 वर्ष) की बिहार की एक निजी बस से आमने सामने हुई टक्कर में मौत हो गयी। वहीं बाईक चला रहा चकमेदनी नंबर 2 निवासी किशोर मान सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। यह सड़क दुर्घटना नूरपुर लहुवार मार्ग के बीच स्थित ईंट भट्ठा के पास सोमवार की सुबह हुई। मृतक छात्र संदीप अपने माता पिता का एकलौता संतान था।
मृतक संदीप के पिता सुखदेव कुशवाहा ने बताया कि सोमवार की सुबह मान सिंह, संदीप को लेने घर आया था। वहां से दोनों गांव के ही एक व्यक्ति की बाईक लेकर गोहदा स्थित एक निजी विद्यालय में हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। इसी बीच जमानियां की ओर जा रही बिहार नंबर की निजी बस से उनके बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल संदीप के सिर में चोट लगने से रक्तस्राव होने लगा। वहीं बाईक चला रहा मान सिंह का पैर टूट गया।

सूचना मिलते ही नगसर व स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां चिकित्सक ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं मान सिंह का प्राथमिक उपचार कर जिला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया जहां उसका उपचार चल रहा है। दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और रोने बिलखने लगे।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग –
हाईस्कूल की परीक्षा देने दोस्त संग बाईक से गोहदा के लिए निकले संदीप के परिजन को क्या मालूम था कि उनके जीवन में कभी खत्म न होने वाला दुखों का पहाड़ टूटने वाला है और संदीप का यह परीक्षा उसके जीवन का आखरी परीक्षा बन जायेगा।
दो बहन अंजली (8) व प्रतिमा (6) है। संदीप दोनों बहनों में सबसे बड़ा था। पिता खेती का कार्य करते हैं।लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पढ़ाई के साथ साथ संदीप कम उम्र में ही गांव की चट्टी पर शाम को फ़ास्ट फूड का ठेला लगाकर परिवार चलाने में पिता की मदद करता था।
पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया।इकलौते पुत्र की मौत से माता सोना देवी बेसुध हो गई। बहनों का भी रो रो कर बुरा हाल रहा। महिलाओं के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन था। इस दुखद घटना से हर किसी की आंखे नम थी।
थानाध्यक्ष नगसर ओमप्रकाश ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।










