रेलवे स्टेशन के कुएं में गिरा बछड़ा, रेस्क्यू कर निकाला गया बाहर

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शिव मंदिर के पीछे सोमवार की रात करीब 9 बजे सूखे कुएं में एक बछड़ा गिर कर घायल हो गया। जिसे मंगलवार की सुबह रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं 2 के दक्षिणी तरफ रेलवे परिसर स्थित शिव मंदिर के पीछे वर्षों पुराना एक सुखा कुआं है, जो पूरी तरह से खुला है। सोमवार की रात एक बछड़ा घूमते हुए उस कुएं में जा गिरा। रात में कुएं से बछड़े की आवाज आने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। लेकिन रात होने के कारण उसे रेस्क्यू कर बाहर नहीं निकाला जा सका।

नगरवासियों ने मंगलवार की सुबह नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची डायल 112, फायर ब्रिगेड व नगर पालिका की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 9 बजे बछड़े को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन द्वारा घायल बछड़े का उपचार करा कर गौ आश्रय स्थल में भेजा गया।

नगरवासियों की मांग है कि रेल प्रशासन तत्काल सूखे हुए खुले कुएं को बंद कराए अन्यथा कोई भी बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *