जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लाक परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा के तरफ से सोमवार को सम्मान समारोह व दही चुरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों व पत्रकार बंधुओं को शॉल, कलम व डायरी देकर किया गया। इसी कड़ी में लोक गायक आजाद टाइगर ने अपने गीत के माध्यम से आधुनिक समाज में शिक्षा के महत्व को बताया।
खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से न केवल सामाजिक सद्भाव बना रहता है, बल्कि लोक परंपराएं भी जीवित रहती हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया और जनप्रतिनिधियों से अपील किया कि पात्र लोगों तक इन योजनाओं से अवगत कराकर उन्हें लाभान्वित करने में सहयोग करें।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने कार्यक्रम में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपने नामों की जांच कर समय से सुधार करा लें। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधानों को शॉल, डायरी व कलम देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात लोगों ने दही चुरा का लुत्फ उठाया।
इस मौके पर पीएचसी प्रभारी डॉ रुद्राकांत सिंह, कोतवाल राम सजन नागर, यूबीआई शाखा प्रबंधक कृति श्रीवास्तव , एडीओ एजी दीपक सिंह, एडीओ आईएसबी दिग्विजय सिंह, रजनीकांत यादव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन धनंजय मौर्य ने किया।










