गहमर (गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने खेलूराय पट्टी में हुई दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित अभियुक्त को शुक्रवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
नवागत गहमर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गहमर हत्या कांड में वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है और फरार होने की फिराक में है। सूचना के आधार पर गहमर थाना व चौकी प्रभारी सेवराई पुलिस टीम के साथ मठिया घाट के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आते एक युवक ने पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भेजा गया।
घायल एवं गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ओम सिंह (19 वर्ष) पुत्र सुनील सिंह, निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलूराय, थाना गहमर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।पुलिस ने मुठभेड़ व बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










