गहमर (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खेलू राय पट्टी के पानी टंकी स्थित तालाब से गुरुवार की सुबह हत्या के बाद बोरे में भरा हुआ एक युवक लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान स्थानीय पट्टी खेमनराय निवासी 23 वर्षीय विक्की सिंह पुत्र संजय सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार की सुबह गहमर कोतवाली के सामने रख कर सड़क जाम कर दिया।

बताया जा रहा है कि विक्की सिंह अपने दो दोस्तों सौरभ सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी पट्टी बाबू राय व अंकित सिंह पुत्र अरुण सिंह निवासी पट्टी गोपालराय गहमर के साथ बाइक से बुधवार की शाम राजकीय कन्या महाविद्यालय के पास किसी परिचित के बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। जहां से पार्टी करने के बाद तीनों वापस घर लौट रहे थे। तभी रात करीब 10:30 बजे पानी टंकी के करीब कुछ लोगों से उनकी बहस हो गई और देखते ही देखते हिंसक झड़प हो गई।
इस हिंसक झड़प में तीनों युवकों की हत्या किया जाने की बात सामने आई। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस और एसओजी टीम ने एक आरोपी को उठा कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ और गुरुवार की सुबह तालाब से बोरे में भरा हुआ विक्की का शव बरामद हुआ जबकि दोपहर करीब 1:30 बजे सौरभ का भी शव तालाब से ही बरामद कर लिया गया।

घटना से आक्रोशित मृतक विक्की के परिजनों सहित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह गहमर कोतवाली के सामने ताड़ीघाट बारा मार्ग पर शव रख कर सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परिजनों से बात कर जाम हटाने की कोशिश में जुट रहे, लेकिन मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम देने की बात आ रही सामने –
चर्चा है विक्की की गांव के ही एक गुट से पुरानी अदावत चल रही थी और इसी अदावत को लेकर बेरहमी से उसकी हत्या की गई है। गौर करने वाली बात यह है कि मृतक के परिजन जिन लोगों के ऊपर विक्की की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं, उन कथित हत्यारों का घर भी घटनास्थल के आसपास ही है।
कुछ लोग इस घटना को दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के रूप में भी देख रहें हैं। लेकिन इस हत्याकांड के पीछे का रहस्य क्या है, यह तो पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल घटना को लेकर गांव में काफी तनाव है, जिसे देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात है।










