गाजीपुर के 6 तीरंदाज सीनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयनित

जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश सीनियर नेशनल तीरंदाजी चयन ट्रायल में गाजीपुर के छह तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद (तेलंगाना) में 12 से 19 दिसंबर तक होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया। इन खिलाड़ियों की निशानेबाजी और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।

राज्य स्तरीय यह चयन ट्रायल मुजफ्फरनगर के सोरम में 2 दिसंबर को आयोजित हुआ था, जिसमें प्रदेश भर के दिग्गज तीरंदाजों ने प्रतिभाग किया। हेतिमपुर स्थित द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इससे पहले भी इस अकादमी के कई तीरंदाज राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

चयनित खिलाड़ी इस प्रकार हैं—

रिकर्व पुरुष वर्ग: रोहित कुमार, शैलेन्द्र

रिकर्व महिला वर्ग: भावना, खुशी श्रीवास्तव

कंपाउंड पुरुष वर्ग: राघवेंद्र, प्रशांत गुप्ता

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश टीम के कोच के रूप में सतीश दुबे को नियुक्त किया गया है, जो राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ रहेंगे।

कोच सतीश दुबे ने खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सभी तीरंदाजों ने ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय स्तर पर भी खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले व प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।

गाजीपुर जिला तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह गाजीपुर के लिए गौरव का क्षण है। जिले के तीरंदाज लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. मुकेश सिंह व खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *