जमानियां (गाज़ीपुर)। गाज़ीपुर पब्लिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर स्कूल स्पोर्ट्स मीट 2025-26 में एस.एस. देव पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासित टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की है। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में विद्यालय ने कुल छह पदक अपने नाम किए, जिससे पूरे क्षेत्र में विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ।
खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय की बालक टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालिका टीम ने रजत हासिल किया। कबड्डी (बालक वर्ग) में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। इंडोर गेम्स में कैरम में विद्यालय ने कांस्य पदक जीता। एथलेटिक्स वर्ग में 100 मीटर U-14 दौड़ में अजेश यादव ने स्वर्ण तथा 400 मीटर U-19 वर्ग में अभय यादव ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जबकि कबड्डी में रंजीत यादव को ‘सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर’ चुना गया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक सुभाष चन्द्र कुशवाहा ने विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में सभी खिलाड़ियों व कोच शानू को सम्मानित किया और विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और नियमित अभ्यास ने यह उपलब्धि संभव बनाई है।
प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने भी सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर हैं और आने वाले समय में भी विद्यालय का नाम रौशन करते रहेंगे।
इस अवसर पर सहसंयोजक डॉ. देवेंद्र वर्मा, सहसंयोजीका शगुफ्ता रहमान, शिक्षक सिद्धार्थ शंकर यादव, विमलेश उपाध्याय, रूपा गुप्ता, छोटेलाल, सुनीता सिंह, वंदना तिवारी, शशि बाला देवी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।










