अधेड़ को गोली मारने वाला मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में घायल, पांच गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर)। खिजिरपुर अलीनगर गांव में अधेड़ को गोली मारने की वारदात में वांछित मुख्य आरोपी अरबाज अली शुक्रवार की देर रात पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। घटना स्टेशन बाजार क्षेत्र के डिगरी उर्फइलायचीपुर के पास हुई, जहां पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अरबाज के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने अरबाज के कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं उसके साथ मौजूद आरोपी शमसेर अली से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने मौके से कुल पांच अभियुक्त अरबाज अली, शमसेर अली, मेराज, सरफराज और दिलसाद को गिरफ्तार किया है।

थाना निरीक्षक राम साजन नागर ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ डिगरी उर्फ इलायचीपुर के पास मौजूद थे। इसी दौरान पांच संदिग्ध युवक पैदल स्टेशन की ओर जाते दिखे और पुलिस को देखकर वे भागने लगे। रोकने पर आरोपी अरबाज ने पुलिस पर फायर किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जिसमें गोली लगने से अरबाज घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए पीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *