जमानियां (गाजीपुर)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर एसडीएम ज्योति चौरसिया ने शनिवार को जमानियां विधानसभा 379 के गहमर, बारा सहित विभिन्न गांवों में पहुंच कर बीएलओ द्वारा गणना पत्रों को भरने तथा एकत्रित कराने का कार्य कराया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न गांवों में पहुंच कर बीएलओ व कुछ मतदाताओं की बैठक कराकर एसआईआर को लेकर चल रहे शंकाओं का समाधान कराया गया। कई लोगों को ये डर है कि कहीं उनका नाम मतदाता सूची से कट न जाए या उनके डेटा का कहीं कोई दुरूपयोग न हो जाए, ऐसे में उन्हें बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध कराया जा रहा है। मतदाताओं से अपील किया गया है कि इस कार्य में संबंधित बीएलओ का सहयोग करें। जिससे कि समय से एसआईआर प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।
एसडीएम ने समस्त बीएलओ को निर्देशित किया है कि घर घर जाकर मतदाताओं का एसआईआर फार्म भरवाएं, एकत्रित करें और समय से इसे बीएलओ ऐप पर अपलोड करें, इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।










