जमानियां (गाजीपुर)। साधन सहकारी समिति ताजपुर मांझा के किसानों को खाद न मिलने को लेकर गुरुवार को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विपिन कुमार सिंह को जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने पत्रक सौंप कर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने बताया कि साधन सहकारी समिति ताजपुर मांझा वर्ष 2008 से बंद है। इस साधन सहकारी समिति पर राघोपुर, कोटियां, सैदाबाद, जगदीशपुर, ताजपुर मांझा, खिजिरपुर, मथारा, कालनपुर, चकिया और कसेरा पोखरा के किसानों को खाद मिलता था। लेकिन केंद्र बंद होने के वजह से किसानों को प्राइवेट में महंगे दामों पर खाद लेना पड़ता है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक विपिन कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जब तक साधन सहकारी समिति ताजपुर मांझा चालू नहीं होता है, तब तक अस्थाई रूप से रबी की फसल की बुआई से पहले क्रय विक्रय केंद्र हेतिमपुर से उपरोक्त गांवों के किसानों को दो बोरी डीएपी प्रति किसान को देने के लिए अपर जिला सहकारी अधिकारी जमानियां निर्मल मौर्य को निर्देश दिया गया है।










