जमानियां (गाजीपुर)। आगामी त्यौहारों के लेकर जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में एसडीएम ज्योति चौरसिया ने मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मिठाई की दुकानों को जांच कर नमूना लिया। विभाग के इस कारवाई से मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम की जांच के दौरान भैदपुर स्थित मोछू मिष्ठान भंडार से छेना मिठाई का नमूना लिया गया तथा 10 बूंदी लड्डू की मिठाई एवं 20 किलो छेना मिठाई का विनष्टीकरण कराया गया। इसी प्रकार कस्बा बाजार के जय मिष्ठान भंडार पर भी खोवा का नमूना लिया गया तथा 10 किलो बूंदी लड्डू की मिठाई व 25 किलो छेना मिठाई व 50 किलो चीनी सिरा एवं एक्सपायर खाद्य रंग का भी विनष्टीकरण कराया गया।
इसी क्रम में ढढनी चट्टी स्थित ओमप्रकाश की पनीर निर्माण परिसर से पनीर का नमूना लिया गया। सहायक उपायुक्त खाद्य विभाग रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि नमूना को जांच के लिए भेजा जाएगा। इस मौके पर पंकज कन्नौजिया, गुलाब चंद्र गुप्ता एवं वीरेंद्र यादव मौजूद रहे।










