जमानियां (गाजीपुर)। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत शनिवार को छात्राओं ने प्रशासनिक व पुलिस व्यवस्था को नजदीक से देखा और समझा। इस दौरान छात्राओं ने एसडीएम और कोतवाल की कुर्सी पर बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया जानी।
कंपोजिट विद्यालय हेतिमपुर की कक्षा आठ की छात्रा नंदनी एसडीएम कार्यालय में एसडीएम की कुर्सी पर बैठीं और फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान एसडीएम ज्योति चौरसिया ने छात्राओं को सरकारी कामकाज की विस्तृत जानकारी दी।
वहीं, थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं वीणा वर्मा, अंकिता यादव और उजमा खान ने थाना प्रभारी की कुर्सी संभालते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्हें शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया भी समझाई गई।

थाना के मिशन शक्ति कक्ष में उपनिरीक्षक अभिनव गुप्ता ने छात्राओं को मिशन शक्ति और साइबर क्राइम से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में मोबाइल पर आए ओटीपी को साझा न करें, निर्भीक व निडर रहें और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर का इस्तेमाल करें।
क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने भी छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली और सरकारी कामकाज के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर थाना निरीक्षक प्रमोद सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।










