जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के दाउदपुर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से लाखों रुपये लेने का मामला सामने आया है। गांव निवासी पीड़िता सीमा देवी, रीता देवी, रिंकू देवी, संतरा, मंजू व संकठा राम ने मंगलवार को कोतवाली में आरोपी के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कारवाई की मांग की है।
पीड़ितों का आरोप है कि वर्ष 2022 में गांव के रोजगार सेवक ने आवास दिलाने के नाम पर रुपया लिया है। लेकिन आज तक न हम लोगों को आवास मिला और न ही दिया गया रुपया वापस मिला। जब भी हम लोग रुपया मांगने जाते है रोजगार सेवक मारने पीटने की धमकी देता है।
आरोप है कि सुबह में जब आवास पर पैसा मांगने गए तो रोजगार सेवक व उनके पिता लाठी डंडा व ईंट लेकर मारने के लिए दौड़ा लिए और जान से मारने की धमकी दिए। ठगी के शिकार पीड़ितों ने तहरीर देकर मांग किया है कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कारवाई किया जाय।










