जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के महर्षि यमदग्नि परशुराम घाट उर्फ बलुआ गंगा घाट पर सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब एक वृद्ध की गंगा स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक कस्बा के वार्ड नंबर 19 कंकड़वा घाट निवासी 70 वर्षीय प्रभु मल्लाह रोज की तरह सोमवार की सुबह करीब 6 बजे गंगा स्नान करने महर्षि यमदग्नि परशुराम घाट उर्फ बलुआ गंगा घाट पर गए हुए थे। जहां वह गंगा नदी में नहाने के लिए कूदे और गहरे पानी में डूबे ही रह गए। उनके बाहर न आने पर आस पास स्नान कर रहे लोगों ने यह देख शोर मचाना शुरू किया। शोरगुल सुनकर वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
इसके बाद कुछ गोताखोरों ने कड़ी मेहनत के बाद उन्हें गंगा नदी से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही उनका अंतिम संस्कार बलुआ घाट पर कर दिया।










