बाढ़ प्रभावित गांव में एसडीएम ने लगाई चौपाल, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गडहा छानवे घाटमपुर गांव में शुक्रवार को प्रशासन की ओर से चौपाल का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने खंड विकास अधिकारी बृजेश कुमार आस्थाना और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. गुलाब शंकर पटेल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

चौपाल में ग्रामीणों ने बाढ़ के बाद उत्पन्न कठिनाइयों, सड़कों पर जलभराव और बीमारियों की आशंका से संबंधित मुद्दे उठाए। इस पर एसडीएम ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। डॉक्टर गुलाब शंकर पटेल ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही गांव में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया।

उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में नियमित निगरानी की जाए और जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *