जमानियां (गाजीपुर)। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने गुरुवार की सुबह हेतिमपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंची और निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने पठन पाठन सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने पर विशेष ध्यान दे।
वहीं उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें सफल होने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे हवाई जहाज चालक, रेलवे अधिकारी, पुलिस अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं और हर विभाग में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
उपजिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में देश की बागडोर इन्हीं होनहार बच्चों के हाथों में होगी। उन्होंने सभी छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं दीं और उनसे खूब पढ़ने और आगे बढ़ने का आह्वान किया।
साथ ही उन्होंने वार्डन अर्चना सिंह को निर्देश दिया कि विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में कोई गिरावट न आए। इसके साथ ही उन्होंने आवासीय परिसर की जांच की।










