जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के सब्बलपुर कला गांव में गुरुवार को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश राय, पूर्व विधायिका सुनीता सिंह की अगुवाई में 580 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित किए गए।
गौरतलब है कि गंगा नदी का जलस्तर हाल के दिनों में कम हो रहा है, लेकिन बाढ़ का प्रभाव अभी भी कई गांवों में देखने को मिल रहा है। खेतों में पानी भरा है, रास्ते कट चुके हैं और कई घरों में अभी तक सामान्य जीवन बहाल नहीं हो पाया है। ऐसे में राहत सामग्री लोगों के लिए कुछ राहत प्रदान कर रहा है। वितरण के दौरान व्यवस्थित ढंग से सूचीबद्ध लाभार्थियों को राहत सामग्री सौंपी गई, जिसमें आटा, चावल, दाल, नमक, तेल समेत आवश्यक खाद्य वस्तुएं शामिल थीं।
भाजपा ज़िला अध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने इस अवसर पर कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम हर आपदा की घड़ी में आमजन के साथ खड़े हैं। यह राहत वितरण उसी कड़ी का हिस्सा है। पार्टी कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर ज़रूरतमंदों की पहचान कर रहे हैं और हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।”
पूर्व विधायिका सुनीता सिंह ने कहा कि सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर पीड़ितों की हर ज़रूरत का ख्याल रखा जा रहा है।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी राहत वितरण के इस प्रयास की सराहना की और सरकार से और मदद की उम्मीद जताई। तहसील प्रशासन द्वारा भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्वे और आवश्यक राहत कार्य जारी हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र परिवार को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा नेता विष्णु शंकर, राजस्व निरीक्षक रामराज, लेखपाल रविंद्र चौधरी, संबंधित गांवों के ग्राम प्रधान तथा भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










