जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के क्रय विक्रय समिति पर बीते शनिवार को खाद लेने पहुंचे किसानों के हंगामे के बाद सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में 320 किसानों को खाद का वितरण किया गया।
धान की खेती के लिए किसानों के बीच इन दिनों खाद की मारामारी चल रही है, ऐसे में क्रय विक्रय समिति पर पहुंची डीएपी खाद को लेने के लिए किसानों का हुजूम उमड़ पड़ा और खाद न बंटने पर किसान हंगामा करने लगे। यह देख एसडीएम ज्योति चौरसिया ने मौके पर पहुंच किसानों से वार्ता की और सबको खाद मिलने का आश्वासन दिया।
इसके बाद सोमवार को खाद वितरण शुरु कराया गया। किसानों की भारी भीड़ को देखते हुए नायब तहसीलदार अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और टोकन व्यवस्था के तहत राजस्व टीम व पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में एक एक बोड़ी खाद का वितरण किया गया।
किसानों ने बताया कि एक बोरी खाद दिया जाना ऊंट के मुंह में जीरा के समान है, जबकि धान की रोपाई के बाद पर्याप्त मात्रा में खाद की जरूरत होती है। नायब तहसीलदार ने बताया कि शनिवार को किसानों के हंगामे को देखते हुए सोमवार को राजस्व टीम व पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में 320 किसानों को खाद का वितरण किया गया है।










