झुका हुआ बिजली का पोल बड़े हादसे को दे रहा दावत, विभाग मौन

जमानियां (गाजीपुर)। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ठीक सामने सड़क पटरी पर लगा लोहे का बिजली का पोल महीनों से झुका हुआ है, जिससे वहां आने-जाने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को सूचित किया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। झुका हुआ पोल किसी भी समय गिर सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, मगर हर बार आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला।

बता दें कि कुछ समय पहले उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने नगर क्षेत्र में जर्जर विद्युत पोल और लटकते तारों को लेकर निरीक्षण किया था और विभाग को निर्देश दिया था कि ऐसे सभी खतरनाक पोल व तारों को तत्काल बदला जाए। बावजूद इसके, विभाग की ओर से इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

नगर के कई अन्य स्थानों पर भी ऐसे ही जर्जर और झुके हुए पोल हैं, जो कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन्हें नहीं बदला गया, तो यह लापरवाही किसी अनहोनी में बदल सकती है।

इस संबंध में अवर अभियंता संजीत कुमार ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *