जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव निवासी बाइक सवार दो युवकों पर शुक्रवार को लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घटना को लेकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जीवपुर गांव निवासी विकास सिंह पुत्र शक्ति सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाते हुए बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे वह अपने चचेरे भाई आशू सिंह पुत्र राजेश सिंह के साथ बाइक से ग्राम मतसा स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए अमन राय, रितेश राय व उनके दो अन्य साथियों ने अचानक हमला बोल दिया।
हमलावरों ने आशू सिंह को पीछे से डंडे से वार कर घायल कर दिया। जब दोनों ने बाइक रोककर कारण पूछना चाहा तो चारों ने मिलकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटते हुए दोनों को घायल कर दिया।घटना के बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में पीड़ित विकास सिंह ने दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।










