32 पेटी अवैध शराब के साथ बिहार का युवक गिरफ्तार, बोलेरो वाहन भी बरामद

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की सुबह चार पहिया वाहन से अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

उपनिरीक्षक अरुण पाण्डेय ने बताया कि वह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर देवढी पुलिया के आगे दाउदपुर तिराहा के पास से एक चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से 32 पेटी में कुल 1440 पाउच ब्ल्यू लाइम देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन चालक की पहचान विवेक कुमार (27 वर्ष) पुत्र लल्लन राम निवासी मौनिया बिगहा, थाना डेहरी, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में की है। उसके पास से एक बोलेरो वाहन (नं0 BR 24AM 0286) भी जब्त किया गया।

पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त के विरुद्ध स्थानीय कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *