जमानियां (गाजीपुर)। “कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता, जरा एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों” — इस पंक्ति को चरितार्थ कर दिखाया है जमानियां तहसील के लोटवा गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज मनीष दुबे ने।
मनीष दुबे का चयन अमेरिका के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 27 जून से 3 जुलाई तक चलेगी जिसमें मनीष 3D फील्ड आर्चरी और टारगेट आर्चरी में हिस्सा लेंगे।
मनीष 24 जून को नई दिल्ली से दोहा और अटलांटा होते हुए अमेरिका के बर्मिंघम पहुंच चुके हैं। यह प्रतियोगिता दुनिया भर के पुलिस कर्मियों के बीच होती है और हर दो वर्ष में आयोजित की जाती है।

मनीष इससे पहले असम राइफल्स में सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में भारतीय पुलिस टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उनके कोच सतीश दुबे ने बताया कि मनीष से स्वर्ण पदक की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी द्रोणा तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी चीन और अमेरिका में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
मनीष का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। वे पूर्व में अखिल भारतीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर ऑल इंडिया द्वितीय रैंक प्राप्त कर चुके हैं।
द्रोणा तीरंदाजी अकादमी, जमानियां के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
खास बात यह भी है कि आगामी वर्ष 2029 वर्ल्ड पुलिस गेम्स की मेजबानी गुजरात के अहमदाबाद में भारतीय पुलिस द्वारा की जाएगी।










