वरीय सुरक्षा आयुक्त ने दिलदारनगर स्टेशन का औचक निरीक्षण

दिलदारनगर (गाजीपुर)। पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के नवागत वरीय सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार ने शुक्रवार को दिलदारनगर आरपीएफ थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए।

उदय सिंह पवार शुक्रवार को दोपहर 12 बजे डीआरएम के गरुण स्पेशल ट्रेन से प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंचे, जहां उनकी अगवानी आरपीएफ निरीक्षक महेंद्र प्रसाद दुबे ने की। निरीक्षण के क्रम में सुरक्षा आयुक्त ने प्लेटफार्म, आरपीएफ थाना और बैरक का निरीक्षण किया। पत्रावलियों की जांच के साथ-साथ उन्होंने कर्मियों को यात्री सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए।

सुरक्षा आयुक्त ने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषकर महिला यात्रियों के लिए ‘मेरी सहेली’ टीम गठित की गई है, जो लगातार निगरानी कर रही है। स्टेशन परिसर में सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी, वहीं जमानियां स्टेशन पर भी जांच के बाद कैमरे लगाए जाएंगे।

सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि नॉन-स्टॉप ट्रेनों में चेन पुलिंग और शराब तस्करी को रोकने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है। अब तक चेन पुलिंग के मामलों में 115 लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इस पर रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान आरपीएफ निरीक्षक महेंद्र दुबे के साथ-साथ उप निरीक्षक राजीव कुमार, सुमेश केशरी, सेराज अंसारी, ऋषिकेश राय समेत अन्य कई आरपीएफ कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *