गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गाजीपुर जनपद को विकास की कई सौगातें दीं। उन्होंने चौकिया-अंधऊ बाईपास के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की और कहा कि इससे जिले में यातायात सुगम होगा तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने चीतनाथ घाट व कलेक्टर घाट से गाजीपुर को जोड़ने वाले कॉरिडोर निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया और जिले में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत युद्धस्तर पर कार्य हो रहा है और लक्ष्य है कि हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश भी दिए।

पुलिस भर्ती में गाजीपुर के 1534 युवा चयनित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि हाल ही में समाप्त हुई पुलिस भर्ती प्रक्रिया में राज्य भर से कुल 60,244 युवाओं का चयन हुआ है, जिनमें से गाजीपुर जनपद के 1534 युवक-युवतियों ने सफलता पाई है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों व उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
पहचान के संकट से अब विकास की मिसाल बना गाजीपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर एक समय पहचान के संकट से जूझ रहा था, लेकिन अब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, महर्षि विश्वामित्र कॉलेज जैसे संस्थानों की बदौलत जनपद ने अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर अब माफिया मुक्त हो चुका है और यहां आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है।
नए कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स पर हो रहा कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि गाजीपुर को शक्तिनगर व गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर भी कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे जनपद का कनेक्टिविटी नेटवर्क और मजबूत होगा।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर, जनपद प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत व नीरज शेखर, विधायक वेदीराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद सहित शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

